बुलंदशहर : आज ही के दिन वर्ष 1971 में भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान पर निर्णायक विजय प्राप्त कर विश्व पटल पर भारत की शक्ति, उत्कृष्ट रणनीति और अटूट संकल्प का स्पष्ट संदेश दिया था। यह ऐतिहासिक विजय भारतीय सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। विजय दिवस के अवसर पर देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के बलिदान, अद्वितीय साहस, शौर्य और पराक्रम को सादर नमन किया गया।इस अवसर पर काला आम स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रुति ने 1971 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए जनपद बुलंदशहर के 39 वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।कार्यक्रम में युद्ध के दौरान अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 30 पूर्व सैनिकों को माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन (नौसेना) अनिल कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में देशभक्ति और सम्मान का भावपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
विजय दिवस पर शहीदों को नमन, पूर्व सैनिकों का सम्मान।
