भारत सरकार : के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित माय भारत (मेरा युवा भारत) प्लेटफॉर्म द्वारा युवाओं की सक्रिय एवं सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “मेरा युवा भारत बजट क्वेस्ट 2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम युवाओं को केंद्रीय बजट 2026 से जोड़ने, उनकी आर्थिक एवं नीतिगत समझ को सशक्त बनाने तथा विकसित भारत @2047 के विज़न में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।इस संबंध में उपनिदेशक आकर्ष दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के प्रथम चरण में एक ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। क्विज़ में सफल प्रतिभागियों को द्वितीय चरण में चयनित आठ प्रमुख विषयों पर निबंध लेखन प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा। ये विषय बजट, युवा सशक्तिकरण, रोजगार, शिक्षा, नवाचार, आत्मनिर्भर भारत तथा राष्ट्रीय विकास जैसे महत्वपूर्ण आयामों से संबंधित होंगे।निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के साथ वर्चुअल संवाद में सम्मिलित होने का विशेष अवसर प्राप्त होगा, जहाँ युवा अपने विचार एवं सुझाव देश के सर्वोच्च नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।मेरा युवा भारत बजट क्वेस्ट 2026 का आयोजन 3 फरवरी 2026 से 17 फरवरी 2026 तक पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। देशभर के इच्छुक युवा मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर इस अभियान में सहभागिता कर सकते हैं।यह पहल युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच तथा राष्ट्रीय नीतियों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सशक्त कदम है। इसी क्रम में मेरा युवा भारत, बुलंदशहर के युवा वालंटियर्स द्वारा विभिन्न कॉलेजों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर, बैनर एवं पम्पलेट के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जनपद के सभी युवाओं से अपील की जाती है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।अधिक जानकारी एवं पंजीकरण हेतु युवा www.mybharat.gov.in पर विज़िट कर सकते हैं।
माय भारत बुलंदशहर द्वारा “बजट क्वेस्ट 2026” का आयोजन
