बुलंदशहर : सोमवार को मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) कार्यक्रम के अन्तर्गत कालाआम चौराह पर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह द्वारा विशाल मानव श्रंखला एव बाइक रैली का आकाश में गुब्बारे उड़ाकर शुभारम्भ किया गया।कालाआम चौराह पर ही जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश ने मतदाता हस्ताक्षर बोर्ड पर हस्ताक्षर कर मतदाता हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारम्भ किया। तत्पश्चात मतदान करने हेतु शपथ भी दिलाई गई। कि “हम, भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते है कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाये रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगें”।तत्पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री चन्द्र प्रकाश सिंह ने विशाल मानव श्रंखला का अवलोकन कर तथा बाइक रैली के साथ चल कर कालाआम चौराहा से अंसारी रोड व अम्बर सिनेमा होते हुए डिप्टीगंज पुलिस चौकी व निर्वाचन कार्यालय मोतीबाग एव कालाआम चौराहा से होते हुए भूड़ चौराहे तथा ताजपुर से कालाआम चौराहा पर समापन किया।इस अवसर विशाल मानव श्रंखला में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा स्लोगन लिखी तख्तियों द्वारा मतदाताओं को जागरूक किया। जैसे कि विकास की गंगा बहाना है मतदान का फर्ज निभाना है, 2 मिनट निकाले मतदान के लिए, घर-घर साक्षरता ले जायेंगे, मतदाता जागरूकता बनायेगे, बनो देश के भाग्य विधाता अब जागो प्यारे मतदाता इत्यादि स्लोगन लिखी तख्तियों से और मतदान किए जाने हेतु मतदाताओं से अपील कर रहे थे। विशाल मानव श्रंखला में डी.एम. अंकल की पाती बच्चों के नाम भी भेजी गई। आओ सभी मिलकर मतदान करें, सशक्त लोकतंत्र का निर्माण करें। प्रिय बच्चों, बड़े हर्ष का विषय है कि अपने जनपद बुलन्दशहर में दिनांक 26.04.2024 को लोकतंत्र का महापर्व मनाया जा रहा है, जिसमे लोकसभा के लिए मतदान किया जाएगा। हमारा भारत दुनिया का सबसे मजबूत एवं गतिशील लोकतंत्र है। लोकतंत्र में बड़ी ताकत “लोक” अर्थात जनता की होती है। जिसमें अपना तंत्र (सरकार) चुनने की आजादी होती है। हमारे देश के नौनिहालों की भी चुनाव में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से अहम भूमिका रहती है। प्यारे बच्चों आप सभी देश का भविष्य हैं। आप में से ही कोई ए.पी.जे अब्दुल कलाम, कोई रामानुजन, कोई कल्पना चावला, कोई सी.वी. रमन कोई पीटी ऊषा, कोई सचिन तेंदुलकर, कोई एम.एस. धोनी और विराट कोहली जैसा महान बनकर विश्व में अपना नाम रोशन करेगा। वहीं आपकी नैतिक जिम्मेदारी भी बनती है कि मतदान के दिन अपने माता पिता, भाई बहन एवं अपने आस-पास के जनमानस जो कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं और मतदाता हैं, को मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे तथा 26 अप्रैल 2024 को होने वाले लोकतन्त्र के महापर्व में उनकी भागीदारी भी सुनिश्चित कराएंगे अर्थात् उन्हें घर से वोट डालने के लिए मतदान केन्द्रों पर अवश्य भेजेंगे। बहुत सारे युवा पहली बार में हिस्सा लेकर भारत के लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना योगदान देने तथा भारत के भाग्य विधाता बनेंगे।भारत भाग्य विधाता हूं, क्योंकि मैं मतदाता हूं। लोकतंत्र का यह आधार, कोई भी वोट न हो बेकार, चूंकि प्रत्येक मतदाता लोकतंत्र की माला का मोती होता है जैसे माला की मजबूती के लिए हर मोती उसमे पिरोया जाना जरूरी है वैसे ही लोकतन्त्र की मजबूती को हर एक वोट जरूरी है। सरकार के गठन में प्रत्येक वोट का महत्व है। संविधान में अपनी सरकार को स्वय चुनने का अधिकार दिया है। वोट लोकतंत्र की ताकत है। इसका प्रयोग अवश्य करें। लोकतंत्र में चुनाव एक उत्सव की तरह होता है। इस महान उत्सव में बढ़ चढ़कर भाग लेना बहुत जरुरी भी है, और जिम्मेदारी भी।युवा शक्ति के हैं तीन काम, शिक्षा, सेवा और मतदान, छोड़ो अपने सारे काम, पहले चलो करे मतदान। अतः प्यारे बच्चों हमें अपने देश के लिए निष्पक्ष होकर मतदान कराना है। जाति, धर्म, सम्प्रदाय से ऊपर उठकर बिना किसी लालच के निर्भय होकर मतदान कराना है। एक वोट देश की तकदीर बदल सकता है। अतः प्यारे बच्चों मुझे आशा ही नहीं, बल्कि पूर्ण विश्वास भी है कि 26 अप्रैल 2024 को होने वाले इस महापर्व में मतदान केंद्रों तक अपने माता-पिता, भाई-बहन, ताऊ ताई, चाचा-चाची व पड़ोसियों को जो भी मतदाता है, उन्हें मतदान के लिए प्रेरित कर मतदान केन्द्रों तक मतदान के लिए अवश्य ही पहुंचाएंगे। पहले मतदान, फिर जलपान।इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार मुख्य विकास अधिकारी कुलदीप मीना, उपजिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि/रा) विवेक कुमार मिश्र अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डा0 प्रशान्त कुमार व सिटी मजिस्ट्रेट चन्द्र प्रकाश प्रयदर्शी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Spread the love