बंदियों से की मुलाकात, महिला कैदियों के बच्चों को दिए गिफ्ट।
बुलन्दशहर : इलाहाबाद उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायमूर्ति सिद्धार्थ ने शुक्रवार को बुलंदशहर जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने सुबह से दोपहर तक जेल का दौरा किया। इस दौरान जिला जज मंजीत सिंह श्योराण, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिपाठी और अपर पुलिस अधीक्षक नगर शंकर प्रसाद भी मौजूद रहे। न्यायमूर्ति ने नवागंतुक अहाते के बाहर ओपन जिम का उद्घाटन किया और रुद्राक्ष का पौधा लगाया। उन्होंने जेल में चल रहे विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सराहना की। अस्पताल वार्ड में भर्ती कैदियों से उनके स्वास्थ्य और इलाज के बारे में जानकारी ली। महिला वार्ड में कैदियों से बातचीत कर उनके मामलों की जानकारी ली महिला कैदियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की प्रशंसा की। उनके साथ रह रहे बच्चों को स्नैक्स और उपहार दिए। निरीक्षण में जेल की सुरक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता, भोजन और अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।