बुलंदशहर : आज उत्तर प्रदेश में पहले चरण का चुनाव थम गया है। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा। अब भारतीय जनता पार्टी ने दूसरे चरण में पड़ने वाली लोकसभा सीट पर जोर लगा रही है। गुरूवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र के झाझर कस्बे में पहुंचे। योगी ने यहां एक जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने ग्रेटर नोएडा, नोएडा और सिकन्द्राबाद के विकास की बात कही।

इस दौरान उन्होंने 26 अप्रैल को मतदान करने और गौतमबुद्ध नगर के उम्मीदवार डॉ.महेश शर्मा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। कहा कि पिछली सरकार में यहां की जनता को लूटा गया। पिछली सरकार में उद्यमी परेशान था। उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा था। बेटियां असुरक्षित थी, क़ानून व्यवस्था चौपट थी।। भाजपा सरकार के नेतृत्व में नोएडा और ग्रेटर नोएडा ने अपनी पहचान बनाई है।

एयरपोर्ट का किया जिक्र जेवर में बन रहे एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से इस क्षेत्र में भारी विकास हुआ है। जेवर में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन रहा है। अब हर कोई नोएडा की तरफ देख रहा है। एयरपोर्ट के निर्माण के बाद बड़े पैमाने पर पूंजी निवेश हुआ। इसका लाभ केवल गौतमबुद्ध नगर को नहीं बल्कि समूचे राज्य को मिल रहा है। एयरपोर्ट के बन जाने के बाद यूपी की सालाना कमाई में एक लाख करोड़ की वृद्धि होगी।

सीएम योगी ने कहा कि 500 साल बाद भगवान राम ने अपने भव्य मंदिर में रामनवमी का त्योहार मनाया है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले हर भारतीय को चिंता थी कि देश का क्या होगा, लेकिन अब भारत का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। उत्तर प्रदेश सरकार गरीब परिवारों को मुफ्त में इलाज की सुविधा दे रही है और राज्य में विकास के कई काम हुए हैं। यह चुनाव राष्ट्र के हित में है या परिवार के हित में, यह तय करना है। एक तरफ पीएम मोदी का 140 करोड़ परिवार है।

मंच पर प्रत्याशी महेश शर्मा, जिलाध्यक्ष बुलंदशहर विकास चौहान, जिलाध्यक्ष गौतमबुध नगर गजेंद्र महावीर, नोएडा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, विधायक धीरेंद्र सिंह और नरेंद्र भाटी आदि मौजूद रहे।

Spread the love