बुलन्दशहर : कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रुति की अध्यक्षता में एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) योजना के सुदृढ़ीकरण एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के आधुनिक निर्माण को लेकर जनपद के प्रमुख औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने आंगनवाड़ी केंद्रों के सौंदर्यीकरण एवं आधुनिकीकरण हेतु कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के माध्यम से सहयोग प्रदान करने पर औद्योगिक संस्थानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल आंगनवाड़ी केंद्रों पर आने वाले 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आधुनिक संसाधनों एवं शिक्षण उपकरणों की उपलब्धता से बच्चों को बेहतर सीखने का वातावरण प्राप्त होगा।जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों के आधुनिक निर्माण के लिए औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों को केंद्रवार सूची उपलब्ध कराते हुए आवश्यक समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि सीएसआर के माध्यम से विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सकें।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी निशा ग्रेवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रमोद कुमार पांडेय, उपायुक्त उद्योग केंद्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी पूनम तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएसआर फंड से आंगनवाड़ी केंद्रों का होगा आधुनिकीकरण