बुलंदशहर- यूपी बोर्ड परीक्षा का महाकुंभ आज से शुरू, 109 केंद्रों पर 83,182 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में आज से यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं का महाकुंभ शुरू हो गया है। जिले भर में परीक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रशासन से लेकर शिक्षा विभाग तक पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है, ताकि परीक्षा को पूरी तरह नकल विहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।जनपद के कुल 109 परीक्षा केंद्रों पर इस वर्ष 83,182 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें हाईस्कूल के 44,666 छात्र-छात्राएं शामिल हैं, जबकि इंटरमीडिएट के 38,416 परीक्षार्थी परीक्षा में हिस्सा ले रहे हैं। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भीड़ देखने को मिली। छात्र-छात्राएं समय से पहले केंद्रों पर पहुंचते नजर आए। जिला प्रशासन ने परीक्षा को पारदर्शी और नकल रहित बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही है। प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, वहीं पुलिस बल भी चप्पे-चप्पे पर तैनात है। संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। परीक्षा की पहली पाली सुबह 8:30 बजे से शुरू हो रही है, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से संचालित की जा रही है। प्रशासन की ओर से सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि परीक्षा केंद्र से 100 मीटर की दूरी तक सभी फोटोस्टेट की दुकानें, साइबर कैफे और अन्य दुकानें बंद रहेंगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोका जा सके। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुल मिलाकर बुलंदशहर में यूपी बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने मजबूत रणनीति के साथ व्यापक इंतजाम किए हैं, जिससे परीक्षा महाकुंभ पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के बीच संपन्न हो सके। वही परीक्षा देकर लोट रहे परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर बहुत अच्छा आया है और उन्हें अच्छी परसेंटेज बनने में मदद मिलेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *