बुलंदशहर : आगामी होली, रमजान एवं ईद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष पंकज अग्रवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश कुमार सिंह को पुलिस सभागार में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि बुलंदशहर नगर में होली, रमजान एवं ईद के पर्व आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ बड़े ही हर्षोल्लास से मनाए जाते हैं, जहां नागरिक एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई एवं मुबारकबाद देते हैं। त्योहारों के दौरान बाजारों एवं प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में अत्यधिक भीड़ रहती है, ऐसे में व्यापारियों एवं आमजन की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक हो जाता है।व्यापार मंडल ने मांग की कि प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमित पुलिस गश्त, सुचारु यातायात व्यवस्था एवं रात्रि पेट्रोलिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे।इसके अतिरिक्त व्यापारियों एवं नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं जलापूर्ति जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाने का भी अनुरोध किया गया, जिससे सभी नागरिक सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में अपने त्योहार मना सकें।ज्ञापन सौंपने के दौरान व्यापार मंडल के सौरव गर्ग, विक्की चौधरी, विक्की कुमार, साजिद गाजी, सतवीर सिंह, चिराग अग्रवाल,सुखदेव राज, अमित चौधरी जफर सैफी मोंटी सिंह, मोहम्मद अनस, डॉक्टर जीशान, मुकेश लोहर,सलीम खान, आदि मौजूद रहे।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, त्योहारों पर विशेष व्यवस्थाओं की मांग
