सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
डिबाई : में विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने नगर के के.डी. फार्म हाउस में आयोजित डिबाई नगर मंडल प्रशिक्षण वर्ग के संबंध में भारतीय जनता पार्टी के मंडल स्तर पर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्ग की व्यवस्था बैठक में सहभागिता की। बैठक में संगठनात्मक मजबूती एवं सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला महामंत्री संजय चौधरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चन्द्रप्रभा वार्ष्णेय, मंडल अध्यक्ष मयंक वार्ष्णेय, डिबाई चेयरमैन अरुण कुमार सिंघल, पूर्व मंडल अध्यक्ष विकास वार्ष्णेय एवं आवेश वार्ष्णेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन की रीढ़ होते हैं। इनके माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठन की कार्यपद्धति एवं केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर संपर्क कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।बैठक में विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, स्वच्छ भारत मिशन तथा उत्तर प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, महिला सुरक्षा, किसान हितैषी योजनाएं और युवाओं के लिए रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि सरकार की पारदर्शी एवं विकासोन्मुखी नीतियों के कारण प्रदेश में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।जिला महामंत्री संजय चौधरी ने प्रशिक्षण वर्ग की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि मंडल स्तर पर आयोजित होने वाले इन वर्गों में बूथ सशक्तिकरण, सोशल मीडिया प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया जाएगा।कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष मयंक वार्ष्णेय ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन का संकल्प दोहराया। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
