मेगा विधिक सहायता शिविर का आयोजन, किसानों की समृद्धि से ही देश का विकास संभव: जिला जज।

बुलंदशहर : जनपद में आमजन को त्वरित न्याय एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईपी कॉलेज परिसर में जिला प्रशासन एवं जिला न्यायालय के संयुक्त तत्वावधान में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश संजय सिंह द्वारा किया गया।इस अवसर पर जिला जज ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान हैं और किसानों की आर्थिक संपन्नता से ही देश का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि शासन एवं न्याय व्यवस्था का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं और न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है।शिविर में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता एवं सेवा संबंधी स्टॉल लगाए गए, जिनमें बैंकिंग संस्थान, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग एवं वन विभाग प्रमुख रूप से शामिल रहे। अधिकारियों द्वारा आमजन की समस्याएं सुनते हुए मौके पर ही समाधान किया गया।जिला कृषि अधिकारी राम कुमार यादव ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान किसानों को मूंग मिनीकिट, सोलर योजना से संबंधित प्रमाण पत्र तथा कृषि यंत्रों की चाबियों का वितरण किया गया। साथ ही बैंक एवं विद्युत विभाग से जुड़े कई लंबित प्रकरणों का निस्तारण भी मौके पर कराया गया।क्षेत्राधिकारी नगर प्रखर पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में लंबे समय से लंबित आपसी विवादों को दोनों पक्षों की सहमति से सुलझाया गया, जिससे लोगों को न्यायालयी प्रक्रिया से राहत मिली।मेगा विधिक सहायता शिविर में बड़ी संख्या में किसान, आमजन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना, विवादों का त्वरित समाधान करना तथा लोगों को विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *