गांगरोल में कांग्रेस ने लोगों से किया संवाद, 13 फरवरी को निकलेगी मनरेगा बचाओ यात्रा

बुलंदशहर : मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत आगामी 13 फरवरी 2026 को कांग्रेस की प्रदेशव्यापी मनरेगा बचाओ यात्रा निकाली जाएगी। बुधवार को सिकंदराबाद ब्लॉक के गांव गांगरोल में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा ग्रामीणों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कांग्रेसियों ने मोदी सरकार पर मनरेगा को खत्म करने का आरोप लगाया और अच्छे दिनों का सपना दिखाकर गरीबों को ठगने का आरोप लगाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने ग्रामीणों, मजदूरों एवं गरीब तबके के लोगों से सीधा संवाद किया और उन्हें मनरेगा बचाओ यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मनरेगा गरीबों और मजदूरों की जीवनरेखा है, लेकिन मौजूदा सरकार इसे कमजोर करने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 फरवरी को मनरेगा बचाओ यात्रा जनपद में प्रातः 10 बजे ठंडी प्याऊ, मामन (खुर्जा हाईवे कट) से प्रारंभ होकर गांव मामन, कोलसेना, हाथमाबाद, नीमखेड़ा, चावली, मोहनकुटी होते हुए शहर में प्रवेश करेगी तथा शिकारपुर बाईपास DAV फ्लाईओवर से गुजरते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर संपन्न होगी।उन्होंने कहा कि यह यात्रा मजदूरों के अधिकारों, रोजगार की गारंटी और मनरेगा को बचाने के संकल्प का प्रतीक होगी। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं और बड़ी संख्या में सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।कॉर्डिनेटर राजकुमार पंडित, पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी और ब्लॉक अध्यक्ष मुनेंद्र जाटव ने सभी कांग्रेसजनों, ग्रामीणों, मजदूरों और आम नागरिकों से यात्रा में शामिल होकर मनरेगा बचाओ आंदोलन को मजबूती देने की अपील की।इससे पहले वरिष्ठ नेता राजकुमार पंडित के नेतृत्व में कांग्रेस जिलाध्यक्ष का ग्रामीणों ने पटका पहनाकर स्वागत किया । इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, राजकुमार पंडित, मुनेंद्र जाटव, आशु कुरैशी, सौदान सिंह, पप्पू सिंह, तेजपाल सिंह, बंटी कुमार, सुखवीर सिंह, रघुराज सिंह , विनय बीडीसी आदि मौजूद रहे ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *