बुलंदशहर : देश भर में अनेक सेवा प्रकल्पों के लिए सुविख्यात दिव्य प्रेम सेवा मिशन द्वारा स्वामी विवेकानन्द जयन्ती के अवसर पर हरिद्वार में आयोजित 2 दिवसीय राष्ट्रीय युवा शक्ति सम्मेलन में राष्ट्रीय युवा पुरस्कार के लिए नगर निवासी तथा सामाजिक संस्था राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह का चयन किया गया है।हरिद्वार में गंगा तट पर चंडीघाट पर स्थित दिव्य प्रेम सेवा मिशन के मुख्यालय सेवाकुंज परिसर में देश भर में विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य और योगदान कर रहे युवाओं का राष्ट्रीय समागम रविवार से शुरू हो गया है। दिव्य प्रेम सेवा मिशन के 30वें स्थापना दिवस एवं स्वामी विवेकानन्द जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे कार्यक्रम के दूसरे दिन सोमवार शाम को आयोजित होने वाले भव्य समारोह में *मुख्य अतिथि* के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर, *कार्यक्रम अध्यक्ष* के रूप में पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बाल कृष्ण तथा *विशिष्ट अतिथि* दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष आशीष गौतम उपस्थित रहेंगे जो देश भर से चयनित एक दर्जन युवाओं को मंच पर राष्ट्रीय युवा पुरस्कार प्रदान करेंगे।बुलंदशहर से कार्यक्रम में सहभागिता कर रहे राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह ने बताया कि दिव्य प्रेम सेवा मिशन के इस वार्षिक समारोह में बुलंदशहर से पहली बार किसी संस्था का चयन किया गया है। यह पुरस्कार हमारी संस्था राष्ट्र चेतना मिशन एवं समस्त जनपदवासियों के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
सामाजिक कार्यों के लिए हरिद्वार के राष्ट्रीय युवा शक्ति सम्मेलन में सम्मानित होंगे राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह
