शिकारपुर : विधानसभा क्षेत्र शिकारपुर में भाजपा और समाजवादी पार्टी, रालोद एवं भाकियू कार्यकर्ताओं द्वारा अलग-अलग स्थान पर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती मनाई गई। भाजपा ने विधायक के पुत्र का जन्मदिन मनाया तथा 200 करोड रुपए के हुए विकास कार्यों का वर्चुअल लोकार्पण किया गया। मंगलवार को भाजपा विधायक अनिल शर्मा द्वारा शिकारपुर डिबाई मार्ग पर स्थित अवंतिका बैंक्विट एंड रिजॉर्ट रानऊ पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें चौधरी चरण सिंह के फोटो पर विधायक अनिल शर्मा, उनके पुत्र पूर्व क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा (पश्चिम क्षेत्र) कुश शर्मा, पूर्व विधायक वासुदेव सिंह बाबा, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल सिसोदिया, नगर मंडल अध्यक्ष विकास गर्ग उर्फ मोनू, कपिल आर्य, विपिन बंसल, अशोक मित्तल आदि ने चौधरी साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और विधायक के पुत्र कुश शर्मा को जन्मदिन की बधाई दी। जन्मदिन की बधाई देने को लोगों का तांता लगा रहा। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के क्रम में फिल्मी गीतों पर जमकर नृत्य हुआ। विधायक अनिल शर्मा के प्रस्ताव पर विधानसभा क्षेत्र में हुए 200 करोड रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम के क्रम में शिकारपुर में नवनिर्मित रोडवेज बस स्टैंड का परिवहन मंत्री दयाशंकर और विभिन्न विकास कार्यों जिनमें देश के प्रमुख लोगों के नामों पर रखे गए विभिन्न चौकों और विभिन्न विकास कार्यों का पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह एवं बुलंदशहर के सांसद डॉक्टर भोला सिंह द्वारा वर्चुअल लोकार्पण किया गया। नवीन अनाज मंडी शिकारपुर में भाजपा के जिला महामंत्री संजय चौधरी के प्रतिष्ठान पर पार्टी नेता डॉक्टर चंद्र मोहन की मौजूदगी में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने चौधरी साहब की जयंती मनाई।
चौधरी चरण सिंह की जयंती और विधायक पुत्र का जन्मदिन मनाया
