नंगलाकरन में सैनिक सम्मान के साथ हुआ मृतक जवान अरूण का अंतिम संस्कार अंतिम यात्रा में निकाली युवाओं ने तिरंगा रैली जन प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्प चक्र अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि

औरंगाबाद : बुलंदशहर असम राइफल्स में तैनात जवान अरूण कुमार राघव का रविवार को उनके पैतृक गांव नंगलाकरन में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार से पूर्व तिरंगा रैली व शवयात्रा निकाली गई जिसमें क्षेत्र भर से आए हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। जन प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मृत जवान के शव पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पुलिस कर्मियों ने अंतिम सलामी दी। मुखाग्नि मृत जवान के ज्येष्ठ पुत्र दस वर्षीय उमंग ने दी। मासूम को अपने पिता को मुखाग्नि देते देख हर आंख नम हो उठी।औरंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नंगलाकरन निवासी अरुण कुमार राघव उम्र लगभग 35 वर्ष पुत्र राजेन्द्र सिंह राधव असम राइफल्स में मणिपुर इंफाल में तैनात थे। गत 4 दिसंबर को हृदय गति रुक जाने से उनका आक्समिक निधन हो गया था। लगभग 72 घंटे बाद उनका तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर रविवार की सुबह लगभग नौ बजे सेना वाहन में गांव पहुंचा। बेसब्री से इंतजार कर रहे ग्राम वासियों ने अपने लाल के शव की तिरंगा रैली निकाल कर शोकाकुल नम आंखों से अगवानी की। जवान के आवास पर पहुंचे शव को देखते ही परिजनों में हाहाकार मच गया। मृतक की माता सुदामा व पत्नी ब्यूटी विलाप करते हुए बेसुध हो गईं। मासूम बेटों उमंग व रूद्र का रुदन देख हर आंख नम थी। मणिपुर से पार्थिव शरीर के साथ आए नायब सूबेदार धर्म वीर सिंह ने मृतक जवान के बेटों उमंग व‌ रूद्र को वर्दी व तिरंगा प्रदान किए। बुलंदशहर पुलिस लाइन से आये पुलिस कर्मियों ने जवान को सशस्त्र बावर्दी सलामी दी। तत्पश्चात आवास से अंतिम यात्रा निकाली गई। शव यात्रा में हजारों लोगों का जन सैलाव उमड़ पड़ा। जब तक सूरज चांद रहेगा अरुण तुम्हारा नाम रहेगा के नारे लगाते हुए युवा शव के साथ चल रहे थे। भाजपा विधायक अनूपशहर संजय शर्मा, सिकंदरा बाद विधायक लक्ष्मी राज सिंह भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिसोदिया, पूर्व चेयरमैन औरंगाबाद राजकुमार लोधी उर्फ राजू लोधी,हरीश लोधी, भूमि विकास बैंक के पूर्व चेयरमैन के पी सिंह नायब तहसीलदार स्नेह कुमार तिवारी, भाजपा नेता तरसेम गुर्जर, जिला पंचायत सदस्य शैलेश कुमार शर्मा बालका थाना प्रभारी औरंगाबाद रामनरायण सिंह थाना प्रभारी अगौता अतुल चौहान थाना प्रभारी खानपुर संदीप मलिक आदि ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। आसपास के देहात से आये हजारों लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और मृत जवान के प्रति सम्मान प्रकट किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *