बुलंदशहर : आज दिनांक 17.11.2023 को पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवायें उत्तर प्रदेश लखनऊ महोदय द्वारा जिला कारागार बुलन्दशहर का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जिले के अधिकारीगण श्री चन्द्रप्रकाश सिंह जिलाधिकारी महोदय बुलन्दशहर, श्री श्लोक कुमार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलन्दशहर, श्रीमती अनुकृति शर्मा सहायक पुलिस अधीक्षक महोदया बुलन्दशहर, सुश्री अन्विता उपाध्याय क्षेत्राधिकारी बुलन्दशहर एवं कारागार के धिकारीगण साथ में उपस्थित रहे।
सभी अधिकारी गणों के द्वारा पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक का कारागार के मुख्य द्वार पर भव्य स्वागत किया गया। सर्वप्रथम मुलाकात घर पर स्थापित किये गये डिजीटल मुलाकात डिस्पले बोर्ड का उद्घाटन पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक महोदय के कर-कमलों द्वारा किया गया। कारागार के भ्रमण के दौरान कारागार में स्थापित व्यवस्थाओं- सुरक्षा, भोजन, स्वास्थ्य, प्रशिक्षण, अन्न भण्डारण, कौशल विकास, शिक्षा एवं बन्दियों को प्रदान की जा रही अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
सर्किल में स्थापित अहातों का भी भ्रमण किया गया तथा बंदियों से उनकी समस्याओं एवं केस आदि की जानकारी प्राप्त की गई। तदोपरान्त कारागार के बहुउद्देश्यीय हॉल में इंडिया विजन फाउण्डेंशन की ओर से कारागार में संचालित कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र के माध्यम से कम्प्यूटर परीक्षा में उत्तीर्ण हुए 21 बन्दियों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक महोदय द्वारा कारागार अस्पताल में भर्ती प्रत्येक बंदियों से उनके स्वास्थ्य एवं केस के विषय में पूछा गया तथा फलों का वितरण भी किया गया। महिला अहाते के निरीक्षण के दौरान महिला बंदियों के साथ रह रहे 08 बच्चों को खेल खिलौने, चॉकलेट बिस्कुट आदि के पैकेट वितरित किये गये तथा प्रत्येक महिला से कारागार प्रशासन द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाएं एवं केस के विषय में जानकारी प्राप्त की।
कारागार के मुख्य द्वार पर स्थापित आर्ट गैलरी में बंदियों द्वारा बनाई गई पेंटिंग एवं कारागार प्रशासन द्वारा बंदी कल्याण के लिए किये जा रहे कार्यो एवं अन्य व्यवस्थाओं की प्रशंसा की गई तथा कारागार में संचालित व्यवस्थाओं को ओर बेहतर से बेहतर किये जाने हेतु सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर, मार्गदर्शित करते हुए निर्देशित भी किया गया।