अपना शहर

दीपको के प्रकाश से जगमगाता त्यौहार, ‘‘दीपावली‘‘ का पर्व

बुलंदशहर : आज दिनांक 12.11.2023 को कारागार में बडें ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रत्येक वर्ष की भांति दीपावली के पर्व को आत्मीयता के साथ मनाये जाने के लिए कारागार में तीन से चार दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थी। कारागार के मुख्य द्वार एवं भवनों को रंग बिरंगी लाइटों से रोशन किया गया।

आज की सुबह सर्वप्रथम कारागार में निरूद्ध सभी धर्म एवं वर्ग के बंदियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं भेट की गई तथा कारागार प्रशासन द्वारा दीपावली के पर्व को विधि-विधान से मनाये जाने के लिए बन्दियों के लिए सम्पूर्ण व्यवस्था की गई। कार्यालयों से लेकर कारागार चक्र, अस्पताल, प्रत्येक बैरक, पाकशाला, महिला बैरक एवं अन्य स्थलों को बंदियों द्वारा कागज की झण्डियों, फूलों, अशोक की पत्तियों, गुब्बारे एवं विभिन्न प्रकार की मनमोहक आकृतियों की रंगोलियों से सजाया गया तथा टिमटिमाती लाईटों की झालर भी लगाई गई।

महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों द्वारा भी उत्सव को बड़े उमंग के साथ मनाया। सायंकाल में बंदियों द्वारा दीपों एवं मोमबत्तियों को एक विशेष श्रृंखला में जोडते हुए प्रकाश पुंज से परिपूर्ण आकृतियों का निर्माण किया गया जो कि सकारात्मक ऊर्जा को चारों ओर बिखेर रही थी।

निर्धारित मुहूर्त के अनुसार बंदियों के साथ मिलकर पूजा अर्चना कर भगवान श्री राम की जय-जयकार की गई। दीपावली के पर्व पर बंदियों द्वारा कुल 11000 दीपक एवं 2100 मोमबत्तियाँ प्रज्वलित की गई। दीपक और मोमबत्तियों के प्रकाश से पूरा कारागार आलोकित हो रहा था। इस अवसर पर बंदियों के लिए स्वयं सेवी संस्था के माध्यम से विशेष भोजन की व्यवस्था भी की गई। इस प्रकार दीपावली का त्यौहार पूर्ण उत्साह के साथ मनाया गया एवं आगामी त्योहारों गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज को भी धूम-धाम से मनाये जाने के लिए भी विशेष प्रबंध किये जा रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *