बुलंदशहर : देश के नेता विपक्ष राहुल गांधी से उनके दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान एडवोकेट ने शिष्टाचार मुलाकात की और नेता विपक्ष का इंदिरा गांधी, प्रियंका गांधी के साथ का बचपन का एक पोट्रेट भेंट किया। राहुल गांधी ने ऐतिहासिक पोट्रेट की प्रशंसा की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान एडवोकेट ने बुलंदशहर जनपद में चल रहे संगठन सृजन अभियान की प्रगति से अवगत कराया तथा हाल के दिनों में बुलंदशहर में हुई मॉब लिंचिंग की घटनाओं में सूफियान और यूसुफ की हत्या के गंभीर प्रकरण की विस्तृत जानकारी दी। नेता विपक्ष राहुल गांधी ने दोनों मामलों में पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव संघर्ष करने तथा शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों की आवाज को पूरी मजबूती से उठाते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अन्याय के खिलाफ सदैव सड़क से संसद तक संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान एडवोकेट ने इस दौरान नेता विपक्ष राहुल गांधी से बुलंदशहर आगमन का निवेदन किया, जिस पर उन्होंने शीघ्र बुलंदशहर आने का आश्वासन दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने बताया कि जननायक राहुल गांधी से मिलकर सदैव संघर्ष करने का हौसला मिलता है । उन्होंने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने मेरे जैसे हजारों मिडिल क्लास के लड़कों को नेता बनाया है। उन्होंने कहा कि युवाओं, किसानों और गरीबों मजदूरों का हित कांग्रेस में सुरक्षित है।
जियाउर्रहमान के साथ कंट्रोल रूम प्रभारी नईम मंसूरी, जिला महासचिव कुंवर आदिल ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की।
राहुल गांधी से मिले कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान, पोट्रेट किया भेंट
