राष्ट्र चेतना मिशन के कार्यकर्ताओं ने किया माल्यार्पण… अर्पित की श्रद्धांजलि……
बुलंदशहर। देश के स्वतंत्रता संघर्ष में महान योगदान करने वाले पराक्रमी क्रांतिकारी पंडित चन्द्रशेखर आज़ाद के 92वें बलिदान दिवस 27 फरवरी के अवसर पर राष्ट्र चेतना मिशन के पदाधिकारियों ने बुलंदशहर में आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
संस्था के अध्यक्ष हेमन्त सिंह ने कहा कि देश के स्वाधीनता आंदोलन में असंख्य युवा क्रांतिकारियों के आदर्श और सेनापति रहे चंद्रशेखर आजाद आजीवन स्वाभिमान के साथ स्वतंत्र रहे और चारों ओर से अंग्रेजों से घिरे होने के बावजूद जीते जी उनके हाथ नहीं आए। तत्कालीन ब्रिटिश सरकार उनसे इतना भयग्रस्त थी कि उनके देहांत के भी काफी देर तक सैनिक उनके पास जाने का साहस नहीं जुटा सके।
उन्होंने बताया कि चंद्रशेखर आजाद जैसे अनेक क्रांतिकारियों और शहीदों के आत्म बलिदान के परिणामस्वरूप ही हम लोग आज गर्व के साथ आजादी का अमृत महोत्सव मना पा रहे है। पूरा देश सदैव उनका ऋणी रहेगा।
इस अवसर पर राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह, सह नगर संयोजक रवि पाल, गर्व सिंघल, विकास सिंह, मनीष कुमार, यशवर्धन सिंह, विशाल गुप्ता आदि सम्मिलित रहे।
