कंधार, अक्टूबर 15: अफगानिस्तान में पिछले दो हफ्तों में एक बार फिर से भीषण बम धमाका हुआ है। ये धमाका कंधार में हुआ है, जिसमें कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 50 से ज्यादा घायल हैं। जिसमें कई की गालत गंभीर है। रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को इमाम बरगाह मस्जिद के पास दक्षिणी प्रांत कंधार शहर में पीडी-1 क्षेत्र में विस्फोट हुआ है।
कंधार शहर में भीषण ब्लास्ट
अधिकारियों के अनुसार, ये बम धमाका कंधार शहर के पुलिस जिले एक (पीडी1) की एक मस्जिद में हुआ है। स्थानीय लोगों ने टोलो न्यूज को बताया कि विस्फोट शिया समुदाय की एक मस्जिद में हुआ। धमाका उस वक्त हुआ जब जुमे की नमाज चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि हताहतों की संख्या काफी ज्यादा हो सकती है। अभी तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। इससे पहले 8 अक्टूबर को उत्तरी अफगानिस्तान में एक मस्जिद में विस्फोट हुआ था, जिसमें कम से कम 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे और घायल हो गए थे। यह धमाका शिया मुसलमानों को निशाना बनाकर किया गया था। आशंका जताई जा रही है कि इस हमले को भी किसी आत्मघाती हमलावर ने अंजाम दिया है।